क्या रोड टैक्स देने से यह अधिकार मिल जाता है कि घर में पार्किंग होने के बावजूद कार बाहर गली में खडी़ की जाए? दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाता हुआ एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो दिल्ली की पालम कालोनी का है जिसमें दिन दहाड़े रामबीर सिंह जो आर्मी में था और अब रिटायर हो गया है, अपनी पत्नी शिक्षा के साथ मिलकर पिछले चालीस साल से इलाके में रह रहे एस बी बाली के निर्माणाधीन घर की सामग्री को उठा-उठा कर फेंकते देखा जा सकता है और वीडियो में ये दोनों पति-पत्नी एस बी बाली के घर के बाहर बनी बन्नी को तोड़ते भी नजर आ रहे हैं। इसमें इसका साथ 2 अन्य पड़ोसी भी दे रहे हैं।
लंबे समय से बाली परिवार के घर के गेट के आगे, उनकी दीवार से लगा कर कारें पार्क करते रहे पडोसियों को ऐसा करने से रोकने के बाद बाली परिवार को करीब आठ माह से इसी तरह प्रताड़ित किया जा रहा है और अब उन्हें कार से कुचल कर मार डालने की धमकी दी गई है।
पालम पुलिस पर उठे कई सवाल
पुलिस के अपनी जेब में होने का दावा करते हुए दादागीरी करने वाले तीन पड़ोसियों को एस बी बाली के घर के गेट के आगे, इनकी दीवार से लगा कर अपनी पांच कारें लाइन से खड़ी करनी है। मना करने पर इन लोगों ने उनके घर का मरम्मत कार्य रोक दिया, जो हिस्सा बना था, उसे तोड़ दिया, उन्हें और उनके मजदूरों को धमका कर काम बंद करा दिया और काम शुरू करने के एवज में उनसे उनके ही घर के गेट के आगे, उनकी ही दीवार से लगा कर अपनी पांच कारें लाइन से खड़ी करने की अनुमति लिखित में देने को कहा। अपने पुराने मकान की मरम्मत करा रहे बाली परिवार की निर्माण सामग्री बार-बार फेंकी गयी और उनकी ईंटें तोड़ दी गयीं।
आठ महीने से दहशत में परिवार
आठ महीने से दहशत में जी रहे इस परिवार के पक्ष में बोलने वाले पड़ोसियों को यह कह कर धमकाया गया कि इनके हिमायती बनोगे तो देख लेंगे। इतना ही नहीं, खुले आम गुंडागर्दी करने वाले इस दंपत्ति को पड़ोसियों ने सपोर्ट करते हुए कहा कि गली हमारी है, हम रोड टैक्स देते हैं इसलिए हम अपनी कारें इसी जगह पर खड़ी करेंगे। यह स्थिति तब है जब पड़ोसियों के घर पर पार्किंग है लेकिन अपनी सुविधा के लिए और रोड टैक्स के एवज में वह कारें घर पर नहीं खडी़ करना चाहते।
पुलिस बुलाने पर भी नही हुई कोई कार्रवाई
बाली परिवार ने दो दो बार 112 नंबर पर फोन कर पुलिस बुलाई लेकिन कुछ नहीं हुआ, पुलिस आई और चली गई और पड़ोसियों के हौसले बुलंद हो गये। उन्होंने एस बी बाली और उनके परिवार को यह कह कर धमकाया कि हम तुम्हें देख लेंगे। कार से कुचल कर मार डालने की धमकी मिलने के बाद इस परिवार ने थाने में जा कर एफआईआर करवाई और सुरक्षा की मांग की है।
जान से मारने की भी धमकी
बाली परिवार का आरोप है कि रामबीर सिंह, उनकी पत्ती द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। बाली परिवार ने अपने बयान में यह भी बताया कि रामबीर सिंह और उनकी पत्नी ने उनके घर में तोड़फोड़ और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है और इसमें पड़ोसियों सहित कई अन्य लोगों ने इसमें उनका साथ दिया है. यह वीडियो मीडिया में आने के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है इसके बारे में हम आपको आगे जानकारी देंगे.